Ranchi IT Raid : राजधानी रांची में बाबा ग्रुप के ठिकानों पर आईटी की रेड जारी, अबतक ₹4.50 करोड़ जब्त
Ranchi/Jharkhand : झारखंड की राजधानी रांची में चावल व्यापारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) की अनुसंधान शाखा की तीसरे दिन शनिवार को भी छापेमारी जारी है। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चावल व्यापारियों के अंतरराज्यीय ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 4.50 करोड़ रुपये जब्त किया गया है। छापेमारी में मिले जेवरात के मूल्यांकन और जांच का काम अभी जारी है। साथ ही बाबा ग्रुप की फैक्टरी, मकान सहित अन्य अचल संपत्तियों के मूल्यांकन का काम अभी भी जारी है।
नकद राशि के स्रोतों व पूछताछ में मिली जानकारी की समीक्षा
यह छापेमारी 29 जनवरी को शुरू हुई, जो तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। छापेमारी के दौरान मिली नकद राशि के स्रोतों और संबंधित लोगों से पूछताछ के क्रम में मिली जानकारी की समीक्षा के अनुसार कुल 4.50 करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं।
बाबा ग्रुप से जुड़े आढ़तियों व अन्य ठिकानों से हुई जब्ती
इसमें से दो करोड़ रुपये बाबा ग्रुप से जुड़े आढ़तियों (कमीशन एजेंट) के ठिकानों से जब्त किए गए हैं। शेष 2.50 करोड़ रुपए बाबा एग्रो फुड और बाबा फुड प्रोसेसिंग से जुड़े लोगों के ठिकानों से जब्त किए गए हैं।
कच्चे व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी
छापेमारी के दौरान मिले कच्चे व्यापार से जुड़े दस्तावेजों की जांच फिलहाल जारी है। कच्चे दस्तावेजों से कितने का व्यापार किया गया है, इसका अब तक आकलन नहीं हो सका है। कच्चे व्यापार से जुड़े कागजात का विश्लेषण करने के बाद इसकी पूरी जानकारी मिल सकेगी।
संपत्तियों का भी मूल्यांकन अभी जारी
छापेमारी के दायरे में शामिल बाबा ग्रुप की फैक्टरी, मकान और जमीन सहित कुल 10 अचल संपत्तियों के मूल्यांकन का काम भी अभी जारी है। यह छापेमारी के अभी और जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।
वर्ष 2026 में आयकर विभाग की पहली छापेमारी
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने गत 29 जनवरी को बाबा एग्रो, बाबा फुड प्रोसेसिंग के अलावा चावल के आढ़तिया (कमीशन एजेंट) के कुल 45 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। वर्ष 2026 में आयकर विभाग की ओर से की जाने वाली यह पहली छापेमारी है। यह कार्रवाई व्यापारियों की ओर से अपनी वास्तविक आमदनी छिपाकर टैक्स चोरी करने के मामले में की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : सरायकेला पुलिस को बड़ी सफलता, अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी तीन नाबालिग समेत पांच धाराए
