‘रीगल रीडस’ बनी साहित्य, संगीत व अभिव्यक्ति की यादगार शाम
जमशेदपुर : ‘निनाद’ और ‘रीगल कैफ़े’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘रीगल रीडस’ कार्यक्रम ने शहर के साहित्यिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक नई ऊर्जा का संचार किया. बिष्टुपुर स्थित रिगल कैफ़े में शनिवार की देर शाम आयोजित इस भव्य संध्या ने कविता, कहानी, पुस्तक पाठ और संगीत को एक ही मंच पर खूबसूरती से समेटा. कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, रेडियो जॉकी, जाने-माने कवि एवं काफी संख्या में साहित्य प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे. उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और पूरे माहौल को प्रेरणादायक बना दिया.
‘रीगल रीडस’ के मंच पर शहर के उभरते युवा साहित्यकारों और कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इस अवसर पर आकांक्षा, आलोक तिवारी, अन्नी अमृता, शानिया नानरा, शेल्ली बनर्जी, पंकज प्रभात, सौरव कुमार ओझा, सौरव अस्थाना, संदीप सिंह गौतम, सुशांत शेखर, आर्यन कुमार, “द डार्क वॉइस”, निशांत सिंह, क्षमाश्री दुबे, शुभम पांडे व जय कुमार शाही जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया. इस दौरान स्टेज पर कविताओं, स्टोरी टेलिंग और बुक रीडिंग का अद्भुत समां बंधा. कार्यक्रम का संचालन ‘निनाद’ की संस्थापक पूनम महानंद ने किया. उन्होंने बताया कि ‘निनाद’ का प्रयास है कि इन कलाकारों की कला और साहित्य को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाए और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए. कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ और प्रसिद्ध कलाकार, जिनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर है, उन्होंने दर्शक के रूप में उपस्थित होकर युवा कलाकारों को आशीर्वाद दिया और उनका मनोबल बढ़ाया.
