सर्च न्यूज: सच के साथ: सरायकेला-खरसावां जिले के छोटा गम्हरिया स्थित वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर शाम की है, जब दोनों बच्चियां संस्थान की ऊंची चहारदीवारी लांघकर फरार हो गईं। इस सुरक्षा चूक की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
लापता बच्चियों में से एक पूर्वी सिंहभूम के पटमदा की रहने वाली है, जबकि दूसरी सरायकेला के कुचाई (दलभंगा) क्षेत्र की निवासी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी (DWO) और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (DSWO) जांच के लिए मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा परिसर के दरवाजे बंद कर दिए गए और ग्राम प्रधान तथा पत्रकारों को बाहर ही रोक दिया गया, जिससे उन्हें बाहर बैठकर इंतजार करना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बीच बाल कल्याण समिति (CWC) ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया है और संस्थान को नोटिस जारी किया है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस संवेदनशील आश्रय गृह में न तो प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात हैं और न ही आंतरिक निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का कोई पुख्ता डिजिटल तंत्र सही ढंग से काम कर रहा है।
फिलहाल, प्रशासन की कई टीमें और स्थानीय पुलिस बच्चियों की तलाश में जुटी हुई हैं। रातभर चले सर्च ऑपरेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी अब तक बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष ठाकुर ने इस मामले में गम्हरिया थाने में एक आधिकारिक सनहा (U.D. Case) भी दर्ज करा दिया है ताकि कानूनी रूप से छानबीन को आगे बढ़ाया जा सके।वात्सल्य बालिका गृह की दीवार लांघकर दो बच्चियां फरार,