सर्च न्यूज: सच के साथ: एसबीआई बैंक 23 से 28 मई तक लगातार 6 दिन बंद रह सकता है, जिससे ऑफलाइन शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप होने की आशंका है। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के करोड़ों ग्राहकों के लिए एक जरूरी अलर्ट जारी किया गया है। यदि आपको चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, लोन या नया खाता खुलवाने जैसे जरूरी ऑफलाइन काम निपटाने हैं, तो उन्हें तुरंत पूरा कर लें।
इस छह दिवसीय लंबी बंदी के पीछे कोई एक वजह नहीं है, बल्कि यह वीकेंड (साप्ताहिक अवकाश), बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल और धार्मिक त्योहार की छुट्टियों का एक बड़ा संयोग है। बैंक छुट्टियों के इस लंबे सिलसिले की शुरुआत 23 मई को महीने के चौथे शनिवार और 24 मई को रविवार के साप्ताहिक अवकाश के साथ हो रही है, जिसके कारण देश के सभी बैंक बंद रहेंगे।साप्ताहिक छुट्टियों के ठीक बाद, यानी 25 और 26 मई (सोमवार और मंगलवार) को ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। कर्मचारी संघ द्वारा यह हड़ताल मुख्य रूप से क्लास-IV और सब-स्टाफ की स्थायी भर्ती, खाली पदों को भरने, नौकरियों की आउटसोर्सिंग पर रोक, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) फंड मैनेजरों के चयन में स्वतंत्रता और वेतन विसंगतियों जैसे 16 सूत्रीय मुद्दों को लेकर बुलाई गई है।
इसके तुरंत बाद, 27 और 28 मई (बुधवार और गुरुवार) को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के उपलक्ष्य में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा क्षेत्रीय अवकाश घोषित किए गए हैं। देश के अधिकांश हिस्सों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ राज्यों में 28 मई को छुट्टी रहेगी। जम्मू-कश्मीर जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में 27 और 28 मई दोनों दिन बैंक पूरी तरह बंद रहेंगे, जिससे वहां लगातार 6 दिनों तक कोई काम नहीं होगा। हालांकि, इस अवधि में एसबीआई की डिजिटल सेवाएं जैसे नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) सुचारू रूप से कार्य करते रहेंगे।