June 30, 2026

Singhbhum Chamber of Commerce:बढ़ते अपराध से सहमे जमशेदपुर के व्यापारी, SCCI ने कानून-व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल, मुख्यमंत्री से की सख्त एक्शन की मांग

Screenshot_20260630_211657_Chrome

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंताजमशेदपुर शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संस्था के अध्यक्ष मानव केडिया ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक आधिकारिक पत्र भेजकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग की है। चैंबर का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारियों और उद्यमियों में भारी असुरक्षा का माहौल बन गया है

व्यापारिक प्रतिष्ठानों में घुसकर हमले, रंगदारी, चोरी, छिनतई और महिलाओं से सोने की चेन स्नैचिंग जैसी वारदातें अब आम हो चुकी हैं, जिससे लोग खौफ के साए में काम करने को विवश हैं। चैंबर ने दो दिन पूर्व बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के सामने हुई भयावह घटना का विशेष रूप से उल्लेख किया है, जहां पुलिस वाहन में पुलिस अभिरक्षा के बीच बैठे दो युवकों पर सरेआम चापड़ (धारदार हथियार) से जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसने पूरे लौहनगरी को झकझोर कर रख दिया है और अपराधियों के बढ़े दुस्साहस को उजागर किया है।

संस्था के पदाधिकारियों का मानना है कि इस तरह की खुलेआम होने वाली घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि समाज विरोधी तत्वों के मन से पुलिस और कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। सिंहभूम चैंबर ने मुख्यमंत्री से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है ताकि स्थानीय पुलिस प्रशासन को कड़े निर्देश दिए जा सकें। व्यापार जगत ने चेतावनी दी है कि यदि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल तुरंत बहाल नहीं किया गया, तो इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार, निवेश और कोल्हान क्षेत्र की पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

You may have missed