सोशल मीडिया के मज़ाक से सड़क तक! ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को मिला सोनम वांगचुक का साथ
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर व्यंग्य और नाराज़गी की आवाज़ के रूप में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब वास्तविक दुनिया में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में है। युवाओं के इस नए दबाव समूह को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब प्रसिद्ध शिक्षा सुधारक और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने इसके आंदोलन को सार्वजनिक समर्थन दे दिया|
सोनम वांगचुक ने इस आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें युवाओं की नीयत, देशभक्ति और बदलाव के लिए त्याग करने की इच्छा ने प्रभावित किया है। उनका समर्थन मिलने के बाद इस आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना बढ़ गई है।
दिलचस्प बात यह है कि महज़ एक महीने पहले तक कॉकरोच जनता पार्टी को लोग सोशल मीडिया का एक व्यंग्यात्मक अभियान मान रहे थे। लेकिन अब संगठन ने अपने ढांचे को मजबूत करते हुए आधिकारिक प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है और खुद को एक संगठित जनआंदोलन के रूप में पेश करना शुरू कर दिया है।
युवाओं के बीच बढ़ती लोकप्रियता और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार उठते सवालों के बीच जंतर-मंतर का यह प्रदर्शन सरकार और शिक्षा तंत्र दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया से निकली यह मुहिम केवल विरोध तक सीमित रहती है या देश की शिक्षा नीति पर व्यापक बहस छेड़ने में सफल होती है|
फिलहाल इतना तय है कि एक समय इंटरनेट पर मज़ाक समझी जाने वाली ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब राष्ट्रीय राजनीति और शिक्षा सुधार की चर्चा में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।
