‘सपना सिल्क’ अपनी ओर खींच रहा है सबका ध्यान
● बिस्टुपुर गोपाल मैदान में चल रही राज्य हथकरघा प्रदर्शनी
जमशेदपुर : बिस्टुपुर गोपाल मैदान में आगामी 14 दिसंबर तक आयोजित राज्य हथकरघा प्रदर्शनी में झारक्राफ्ट द्वारा प्रस्तुत विभिन्न जिलों की पारंपरिक कला और उत्पादों के बीच गोड्डा जिले के ‘सपना सिल्क’ (स्टॉल नंबर 68) ने आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. ‘सपना सिल्क’ के प्रदर्शनी स्टॉल में झारखंड की पारंपरिक तसर सिल्क कला को अत्यंत सुसज्जित रूप से प्रस्तुत किया गया है.
यहाँ मुख्य रूप से तसर सिल्क साड़ियाँ, पारंपरिक शॉल, आकर्षक स्टोल, उच्च गुणवत्ता वाले टेक्सटाइल उत्पाद आदि मौजूद है. ये सभी उत्पाद भगैया, गोड्डा के कुशल कारीगर अंजय कुमार एवं स्थानीय बुनकर समुदाय द्वारा निर्मित है. प्रदर्शित वस्तुओं का मूल्य एक से 12 हज़ार रु. तक है, ताकि सभी वर्ग के खरीदार इन पारंपरिक वस्त्रों को सहजता से खरीद सकें. इसके साथ ही स्टॉल पर डिजिटल भुगतान सुविधा की भी व्यवस्था की गई है, जिससे आगंतुक आसानी से खरीदारी कर सकें. झारक्राफ्ट द्वारा आयोजित यह राज्य स्तरीय हथकरघा प्रदर्शनी स्थानीय कारीगरों को एक बड़ा मंच प्रदान कर रही है, जहाँ न केवल उनके उत्पादों का प्रदर्शन हो रहा है, बल्कि स्वरोज़गार, महिला सशक्तिकरण और पारंपरिक कला संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है.

