state universities should become centers of startup and innovation:उच्च शिक्षा में सुधार की जरूरत, स्टार्टअप और इनोवेशन के केंद्र बनें राज्य के विश्वविद्यालय: संतोष गंगवार
सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उच्च शिक्षा में सुधार को लेकर विश्वविद्यालयों को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य के विश्वविद्यालय केवल पारंपरिक डिग्री बांटने का केंद्र न बनें, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों के कौशल विकास (Skill Development) पर विशेष ध्यान देना चाहिए। राज्यपाल ने यह बात रांची में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय कुलपति सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के दौरान कही।
राज्यपाल ने शिक्षा की वास्तविक प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को सिर्फ सर्टिफिकेट देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें युवाओं को स्टार्टअप और इनोवेशन के नए केंद्रों के रूप में तैयार करना होगा। वर्तमान दौर में बदलती तकनीकों और उद्योगों की मांग को देखते हुए विद्यार्थियों का तकनीकी रूप से सक्षम और हुनरमंद होना बेहद आवश्यक है ताकि वे देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।इसके साथ ही, उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों में फैली प्रशासनिक और वित्तीय अनियमत्ताओं को लेकर चिंता जताई और सख्त वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने सभी कुलपतियों से एकेडमिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन करने, नियमित कक्षाएं संचालित करने, तथा समय पर परीक्षा कराकर उनके परिणाम घोषित करने को कहा। उन्होंने साफ किया कि किसी भी प्रशासनिक लापरवाही की वजह से छात्रों का भविष्य अधर में नहीं लटकना चाहिए।