सुभाष युवा मंच की प्रतियोगिता में शामिल हुए 300 विद्यार्थी
बागबेड़ा में नेताजी जयंती पर निबंध, चित्रांकन, स्लोगन व रंगोली प्रति.
जमशेदपुर : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनकी जीवनी पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन रविवार को सुभाष युवा की ओर से बागबेड़ा स्थित श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल में किया गया. प्रतियोगिता में निबंध, चित्रांकन, स्लोगन व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न स्कूलों के लगभग 300 विद्यार्थी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत मंच के अध्यक्ष सह समाजसेवी व शिक्षाविद पारस मिश्रा ने नेताजी की चित्र पर माल्यार्पण कर किया.
पारस मिश्रा ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि नेताजी के विचार को युवाओं के बीच में प्रचारित किया जा सके ताकि नेताजी के कार्यों से युवा प्रेरित होकर समाज हित में अपना योगदान दें. श्री मिश्रा ने बताया कि सुभाष युवा मंच द्वारा प्रतियोगिता में शामिल होनेवाले सभी बच्चों को सर्टिफिकेट दिया जाएगा और प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेता को पुरस्कृत भी किया जाएगा. नेताजी जयंती पर आगामी 23 जनवरी को मंच के स्थापना दिवस पर सभी बच्चे सम्मानित होंगे. प्रतियोगिता को सफल बनाने में गोपाल महतो, विशाल कुमार, डॉ डी के मिश्रा, रोहित कुमार, राजीव सिंहा, अभिषेक कुमार का योगदान रहा.

