स्वयंसेवकों ने क्षेत्र व शिविर स्थल में चलाया स्वच्छता अभियान
● करीम सिटी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का साप्ताहिक विशेष शिविर
जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित साप्ताहिक विशेष शिविर के दूसरे दिन समाजोपयोगी गतिविधियों का आयोजन किया गया. यह विशेष शिविर 12 से 18 जनवरी तक संचालित हो रहा है, जिसमें काफी संख्या में छात्र स्वयंसेवक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं. शिविर के दूसरे दिन दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए. पहले चरण में एनएसएस स्वयंसेवकों ने अपने-अपने क्षेत्रों एवं शिविर स्थल में स्वच्छता अभियान चलाया. इस दौरान स्वयंसेवकों ने सड़क, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की. स्वयंसेवकों ने स्वच्छ परिवेश के महत्व को बताते हुए साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की.
दूसरे कार्यक्रम के अंतर्गत बाल शिक्षा को केंद्र में रखा गया. एनएसएस स्वयंसेवकों ने शिविर क्षेत्र के बच्चों को उनके शैक्षणिक स्तर के अनुसार पढ़ाया-लिखाया. बच्चों को अक्षर ज्ञान, गणित की प्रारंभिक समझ एवं नैतिक मूल्यों की जानकारी दी गई. स्वयंसेवकों ने शिक्षा को जीवन का मजबूत आधार बताते हुए बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करने का प्रयास किया. शिविर में लगभग 50 स्वयंसेवकों ने भाग लिया. कार्यक्रम को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए स्वयंसेवकों को 5-5 सदस्यों की टीम में विभाजित किया गया. प्रत्येक टीम में 8 से 10 स्वयंसेवक शामिल थे, जिन्होंने आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया.
कार्यक्रम का आयोजन करीम सिटी कॉलेज के एनएसएस प्रमुख डॉ. आले अली के मार्गदर्शन में किया गया वहीं एनएसएस समन्वयक सैयद साजिद परवेज ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया. शिविर के संचालन में एनएसएस प्रेसिडेंट जयकृष्णा धारा की भूमिका सराहनीय रही. शिविर के आगामी दिनों में भी विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

