स्वच्छता में लौहनगरी ने लहराया अपना परचम:जमशेदपुर को देशभर में तीसरा स्थान, मिला 5-स्टार रेटिंग सम्मान
जमशेदपुर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लौहनगरी को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कार प्रदान किया।
गौरव का क्षण: उपायुक्त
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जमशेदपुर के उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शहरवासियों की जागरूकता, नगर निगम कर्मियों की सतत मेहनत और प्रशासन के साझा प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा, “अब हमें स्वच्छता को न सिर्फ जिम्मेदारी, बल्कि जीवनशैली और संस्कृति का हिस्सा बनाना होगा।”
यह उपलब्धि न केवल जमशेदपुर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देती है, बल्कि अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनती है।
