‘विविधता में एकता’ के मूल्यों को आत्मसात करें विद्यार्थी
● करीम सिटी कॉलेज में चल रहे कौमी एकता सप्ताह का समापन
जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज द्वारा आयोजित कौमी एकता सप्ताह का समापन आज महाविद्यालय परिसर में हो गया. पूरे सप्ताह आयोजित विविध कार्यक्रमों ने छात्रों में राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत किया तथा सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया. एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. आले अली ने छात्रों को सामाजिक एकता, सहयोग और “विविधता में एकता” के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया.
इसके पश्चात कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने कहा कि कौमी एकता सप्ताह सहिष्णुता, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने का एक सशक्त अवसर है. उन्होंने एनएसएस यूनिट के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की और छात्रों को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया.
समापन दिवस के मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में सबा आलम अंसारी (जिला वन पदाधिकारी) एंव डॉ. दारा सिंह गुप्ता (एनएसएस समन्वयक, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा) थे.
दोनों अतिथियों ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की प्रशंसा की तथा कहा कि युवा पीढ़ी सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की सबसे बड़ी शक्ति है. कार्यक्रम का संचालन आयुष अस्थाना और आलिया फिरदौस ने किया. सैयद साजिद परवेज एवं जयकृष्ण धारा ने अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों तथा छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया.
ज्ञात हो कि इस वर्ष कौमी एकता सप्ताह के तहत छात्रों ने प्रधानमंत्री कोष में करीब 1,00,000 (एक लाख रुपये) जमा करने हेतु धनराशि एकत्रित की.

