June 27, 2026

3 दिन के सेशेल्स दौरे पर पीएम मोदी, हिंद महासागर में बढ़ेगा भारत का दम

PM-Modi-Seychelles--1782563102608_m

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर सेशेल्स पहुंच गए हैं। 27 से 29 जून तक चलने वाले इस दौरे में वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है और दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। साथ ही वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे। इसके अलावा भारतीय समुदाय से मुलाकात और विभिन्न सहयोगी परियोजनाओं की समीक्षा भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है।

हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है। दोनों देश समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, समुद्री निगरानी, जलवायु परिवर्तन और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे विषयों पर लंबे समय से साथ काम कर रहे हैं। भारत की ‘महासागर’ (MAHASAGAR) दृष्टि के तहत यह साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक महत्व रखती है।

इस यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत और सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी भी राष्ट्रीय दिवस समारोह में हिस्सा लेगी। ऐसे समय में जब हिंद महासागर का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है, पीएम मोदी का यह दौरा भारत की समुद्री कूटनीति, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक दक्षिण के साथ सहयोग को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।