June 27, 2026

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, फायरिंग का हथियार भी बरामद

Screenshot_20260627_184141_Chrome

जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित सिब्तैन मस्जिद के पास 1 जून को हुई सनसनीखेज फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया। पुलिस इस बरामदगी को जांच की अहम कड़ी मान रही है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुबारक अंसारी समेत मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के बीच कपाली रहमतनगर निवासी 24 वर्षीय मुबारक अंसारी ने 22 जून को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस को रिमांड मिलने पर उससे गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग में इस्तेमाल हथियार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुबारक अंसारी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में मारपीट, घर में घुसकर हमला, महिला से जुड़े अपराध तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।