‘भारत के खिलाफ हमारी जमीन इस्तेमाल नहीं होने देंगे’… PM मोदी से मुलाकात में म्यांमार राष्ट्रपति का बड़ा भरोसा
भारत और म्यांमार के रिश्तों को लेकर एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान साफ कहा कि उनकी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किसी भी गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने म्यांमार की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए भारत का समर्थन दोहराया। वहीं म्यांमार की ओर से यह भरोसा दिलाया गया कि उसकी धरती का इस्तेमाल भारत की सुरक्षा के खिलाफ नहीं होने दिया जाएगा।
दरअसल, भारत और म्यांमार के बीच लंबी सीमा लगती है और सुरक्षा के लिहाज से यह रिश्ता काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में सीमा पार गतिविधियों और क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए दोनों देशों के बीच सहयोग और ज्यादा जरूरी हो गया है। ऐसे में म्यांमार राष्ट्रपति का यह बयान रणनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि इस मुलाकात से दोनों देशों के बीच भरोसा और मजबूत होगा। साथ ही व्यापार और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई नए प्रोजेक्ट्स को भी गति मिल सकती है।
चार दिनों के भारत दौरे पर आए म्यांमार राष्ट्रपति की यह यात्रा सिर्फ कूटनीतिक औपचारिकता नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे दक्षिण एशिया की बदलती रणनीतिक तस्वीर से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आने वाले समय में भारत और म्यांमार के रिश्ते कितनी तेजी से नए स्तर तक पहुंचते हैं।
