May 22, 2026

Big Action By Jamshedpur Police:जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रातभर चली छापेमारी में दबोचे गए 77 फरार आरोपी

Screenshot_20260522_212323_WhatsAppBusiness

सर्च न्यूज: सच के साथ: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस ने एक बड़ा विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए गए इस नाइट-लॉन्ग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 77 वांछित अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की

इस मेगा अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शनिवार रात को जिले के 125 होटलों, लॉज और गेस्ट हाउसों की सघन तलाशी ली। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य संवेदनशील इलाकों में भी चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर में रह रहे संदिग्धों और खानाबदोशों की भी बड़े पैमाने पर तलाशी ली गई, ताकि किसी भी छिपे हुए अपराधी का पता लगाया जा सके।अभियान के दौरान पुलिस ने न केवल गिरफ्तारियां कीं, बल्कि पिछले पांच वर्षों के दौरान फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहे 159 अपराधियों और कुल 365 दागी व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) भी किया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक की देखरेख में सभी थाना प्रभारियों, डीएसपी रैंक के अधिकारियों और सर्किल इंस्पेक्टरों ने किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष ड्राइव का मुख्य उद्देश्य जिले में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करना है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में संपत्ति संबंधी अपराधों, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामलों और विभिन्न अन्य संगीन मामलों के वांछित अपराधी शामिल हैं।