जमशेदपुर : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के सुरक्षा कर्मचारियों को अचानक सेवामुक्त करने के विरोध में शुक्रवार को कर्मचारियों का आक्रोश फूट पड़ा. अपनी मांगों और रोजगार बहाली को लेकर सुरक्षाकर्मियों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान कर्मचारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द न्यायपूर्ण हस्तक्षेप की मांग की. धरना प्रदर्शन के दौरान मौसम अचानक खराब हो गया. तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बावजूद आंदोलनकारी सुरक्षाकर्मी अपने हक की लड़ाई में डटे रहे. सुरक्षाकर्मियों के आंदोलन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस का नैतिक समर्थन मिला. आंदोलन स्थल पर पहुंचे झामुमो नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने बैंक प्रबंधन के रवैये की आलोचना की. नेताओं ने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के कर्मचारियों को हटाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और अमानवीय है. धरना-प्रदर्शन में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, सागेन पूर्ति, बबन राय, अजय सिंह, विजय खां, तरुण डे, विजय महतो, धर्मेन्द्र सोनकर सहित कई लोग मौजूद थे.