NIIT Jamshedpur:एनआईटी जमशेदपुर परिसर में 10 दिनों का प्रशिक्षण, समापन समारह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : 37 झारखंड बटालियन एनसीसी की ओर से एनआईटी जमशेदपुर कैंपस में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हो गया. समापन समारोह में एनसीसी कैडेटों ने विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम में संथाली, दक्षिण भारतीय, देशभक्ति, पंजाबी, राजस्थानी, नागपुरी, गुजराती, शगुन, हिप-हॉप तथा मार्शल आर्ट आधारित नृत्यों की प्रस्तुति दी गई. मार्शल आर्ट पर आधारित नृत्य को सर्वश्रेष्ठ ग्रुप डांस का पुरस्कार प्रदान किया गया.समारोह के दौरान विभिन्न कैडेटों को अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ. गौतम सूत्रधार थे. शिविर में कुल 546 कैडेटों को मैप रीडिंग, साइबर सुरक्षा, सीपीआर, अनुशासन, सैन्य जीवन तथा शस्त्र संचालन का प्रशिक्षण दिया गया. समापन के अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहुजा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला सिविल सर्जन कार्यालय और एनआईटी प्रबंधन के प्रति आभार जताया. मौके पर डिप्टी कमांडेंट कर्नल प्रेम चंद झा सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.
