May 27, 2026

Bokaro में रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा, बालीडीह थाना का ASI 5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Screenshot_20260527_112731_Chrome

बोकारो में भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई मो. याकूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।

जानकारी के अनुसार, मामला जमीन विवाद की जांच से जुड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन से जुड़े मामले की जांच करने और मौके पर जाने के बदले एएसआई ने “खर्चा-पानी” के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देकर काम करवाने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने सीधे भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से संपर्क किया।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का गुप्त सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद एक ट्रैप टीम बनाई गई। इसके बाद नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के पास जाल बिछाया गया, जहां एएसआई मो. याकूब अंसारी को रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाह भी मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने वर्ष 2009 में बालीडीह क्षेत्र में जमीन खरीदी थी और उसी जमीन को लेकर विवाद व धमकी का मामला सामने आया था। इसी मामले की जांच की जिम्मेदारी आरोपी एएसआई को सौंपी गई थी।

एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह कार्रवाई होती रही, तो सरकारी दफ्तरों और थानों में रिश्वतखोरी पर लगाम लग सकती है। फिलहाल आरोपी एएसआई से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।