April 5, 2026

चाईबासा: लंबित शैक्षणिक समस्याओं को लेकर बीएड छात्रों ने कोल्हान विवि को सौंपा ज्ञापन

IMG-20260405-WA0089

सर्च न्यूज: सच के साथ: चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के अंतर्गत बीएड सत्र 2023-25 के छात्र-छात्राओं ने अपनी लंबित शैक्षणिक समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों का मुख्य मुद्दा तृतीय सेमेस्टर का परिणाम अब तक प्रकाशित नहीं होना एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित नहीं किया जाना है। इसके कारण उन्हें समय पर अंकपत्र प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इसी बीच झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया प्रारंभ होने वाली है, जिससे छात्रों के सामने आवेदन से वंचित होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। छात्रों ने बताया कि जेटेट लगभग 10 वर्षों के बाद आयोजित हो रहा है। ऐसे में यह परीक्षा उनके भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि विश्वविद्यालय की देरी के कारण छात्र आवेदन नहीं कर पाते हैं, तो यह उनके साथ अन्याय होगा। छात्र-छात्राएँ करीब 3 घंटे तक अपनी मांगों को लेकर डटे रहे, लेकिन काफी देर तक कोई भी संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं हुए, जिससे छात्रों में आक्रोश देखा गया। इसके बावजूद छात्रों ने अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखने का प्रयास किया। बाद में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि बीएड सत्र 2023-25 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह तक आयोजित कर ली जाएगी तथा 15 मई तक अंकपत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।छात्रों ने मांग की है कि इन सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि वे जेटेट परीक्षा के लिए बिना किसी बाधा के आवेदन कर सकें। साथ ही, यदि आवेदन के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा ली जाए एवं छात्रों के हित में उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। छात्र-छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर नित्यानंद उपाध्याय ,गिलमान, बिनोद, निधि, कंचन, सुप्रिया, सनीता, विकाश, बीराम, अमन एवं सोनाली सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित रहे।

hemkund-public-school