June 21, 2026

धरने का असर! सहारा गार्डन सिटी में शुरू हुआ पाइपलाइन बिछाने का काम

Screenshot_20260619_135916_Chrome

आदित्यपुर के इच्छापुर बस्ती स्थित सहारा गार्डन सिटी के निवासियों के लिए लंबे समय से चली आ रही जलापूर्ति की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। गुरुवार को सोसायटी में पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया, जिससे लोगों में राहत और उम्मीद का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से बेहतर जल आपूर्ति की मांग की जा रही थी और अब इस दिशा में ठोस कदम उठते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में संबंधित एजेंसी के अधिकारियों ने सहारा गार्डन सिटी और आदित्य सिंडिकेट कॉलोनी का निरीक्षण किया था। इसके बाद पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू की गई। बताया जा रहा है कि पहले चरण में सहारा गार्डन सिटी में काम पूरा किया जाएगा, जिसके बाद आदित्य सिंडिकेट कॉलोनी में भी पाइपलाइन विस्तार का कार्य शुरू होगा।

इस मुद्दे को लेकर जन कल्याण मोर्चा द्वारा किए गए आंदोलन और धरने का भी असर माना जा रहा है। मोर्चा के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर लगातार आवाज उठाई थी। आंदोलन में दोनों आवासीय परिसरों के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही, जिसके बाद प्रशासन और संबंधित पक्षों ने मामले को गंभीरता से लिया।

निवासियों को एक मुख्य जल कनेक्शन और मीटर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद मुख्य लाइन से पूरे परिसर में पाइपलाइन नेटवर्क विकसित कर आवश्यकतानुसार जल भंडारण और आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

You may have missed