June 21, 2026

दुबई से रची गई साजिश, रांची बना निशाना! RSS कार्यालय हमले में सामने आया ISI कनेक्शन

aman-ansari-1781841001664_m

रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के रांची स्थित कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, इस पूरी साजिश की पटकथा भारत में नहीं, बल्कि दुबई में बैठकर लिखी गई थी। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अमन अंसारी को कथित तौर पर विदेश में बैठे लोगों ने RSS कार्यालय को निशाना बनाने का टास्क दिया था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, दुबई में रहने वाला शाहबाज आलम उर्फ भट्टी इस नेटवर्क का अहम चेहरा है। पुलिस का दावा है कि उसका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और एक आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है। आरोप है कि हमले को अंजाम देने के लिए अमन अंसारी को आर्थिक लालच दिया गया था और घटना का वीडियो बनाकर विदेश भेजने के निर्देश भी दिए गए थे।

मामले ने तब और सनसनी फैला दी जब गिरफ्तार आरोपी सैफ अंसारी पूछताछ के दौरान थाना हाजत से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे मांडर इलाके से दोबारा गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में उसके पैर में गोली भी लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अब इस मामले के अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। बैंक खातों में विदेशी लेन-देन, दुबई कनेक्शन और झारखंड में सक्रिय संभावित सहयोगियों की भूमिका खंगाली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल यह मामला राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे संवेदनशील जांचों में से एक बन चुका है।