April 14, 2026

Hazaribagh Treasurey Ghotala Khulasa : मास्टरमाइंड शम्भू पर कसा शिकंजा, संपत्तियों की जांच तेज

IMG-20260414-WA0002

हजारीबाग ट्रेजरी घोटाला में हर दिन हो रहे नए नए खुलासे

हजारीबाग : चर्चित हजारीबाग ट्रेजरी घोटाले में कथित मास्टरमाइंड शम्भू पर जांच एजेंसियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मामले में अब उसकी चल-अचल संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है. जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि शम्भू ने अपने परिजनों के नाम पर भी बड़ी मात्रा में जमीन और अन्य संपत्तियां खरीदी है. सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां शंभु और उसके करीबी रिश्तेदारों के बैंक खातों, जमीन के कागजात और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. प्रारंभिक जांच में आय से अधिक संपत्ति के संकेत मिले हैं, जिसके बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है.
बताया जा रहा है कि शम्भू ने अवैध कमाई को छिपाने के लिए परिजनों के नाम का सहारा लिया. कई संपत्तियां ऐसे लोगों के नाम पाई गई हैं, जिनका आय स्रोत सीमित है, लेकिन उनके नाम पर करोड़ों की जमीन दर्ज है. अब इन सभी मामलों की बारीकी से जांच की जा रही है. जांच एजेंसियों ने संबंधित रजिस्ट्रार कार्यालयों से जमीन खरीद-बिक्री के दस्तावेज भी मांगे हैं, ताकि लेन-देन की पूरी श्रृंखला को खंगाला जा सके. साथ ही, संदिग्ध लेन-देन को लेकर वित्तीय संस्थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अवैध संपत्ति की पुष्टि होती है, तो संबंधित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी. मामले में आगे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. इस कार्रवाई से ट्रेजरी घोटाले में शामिल अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया है और कई संदिग्ध अब जांच एजेंसियों के रडार पर है.

hemkund-public-school

You may have missed