राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ० भीमराव अंबेडकर की जयंती पर किया नमन
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ० भीमराव अंबेडकर की जयंती पर अंबेडकर चौक, डोरंडा, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि डॉ० भीमराव अंबेडकर जयंती का यह शुभ दिन भारत जैसे विशाल लोकतांत्रिक देश के लिए गौरव का क्षण है. देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था में डॉ० भीमराव अंबेडकर का योगदान अविस्मरणीय है. इनके द्वारा की गई संविधान की संरचना को पूरा देश सलाम करता है.
उन्होंने कहा कि डॉ० भीमराव अंबेडकर ने एक महान समाज सुधारक के रूप में गरीब, पिछड़े, शोषित, वंचित सहित सभी वर्ग-समुदाय के कल्याण एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया. हम सभी को उनके जीवन मूल्यों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए.