June 11, 2026

Jamshedpur: आगामी वर्ष शहर आएंगे गुरमत प्रचारक भाई रंजीत सिंह ढडरियांवाले, सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह से मुलाकात में दिया आश्वासन, संगत की भावनाओं का किया सम्मान

IMG-20260611-WA0012

सर्च न्यूज: सच के साथ: जमशेदपुर : सिख पंथ के प्रसिद्ध विद्वान गुरमत प्रचारक रंजीत सिंह ढडरियांवाले आगामी वर्ष 2027 में शहर आ सकते हैं. पंजाब प्रवास के दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह ने उनसे मुलाकात कर शहर की समूह नानक नाम लेवा संगत की भावनाओं से अवगत कराया तथा जनवरी-फरवरी, 2027 में शहर में गुरमत समागम आयोजित करने का आग्रह किया. मुलाकात के दौरान भाई रंजीत सिंह ने संगत की इस अपील को स्नेहपूर्वक स्वीकार करते हुए भरोसा दिलाया कि लौहनगरी की संगत को निराश नहीं किया जाएगा. उन्होंने अपने सहयोगियों को इस संबंध में कार्यक्रम दर्ज करने का निर्देश दिया तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए संपर्क विवरण भी साझा किए. उन्होंने कहा कि समागम की तिथि निर्धारित होते ही लगभग दो माह पूर्व सीजीपीसी को इसकी सूचना दे दी जाएगी.उल्लेखनीय है कि भाई रंजीत सिंह ढडरियांवाले पिछले कई वर्षों से गुरबाणी आधारित विचारधारा, युवाओं को नशामुक्ति एवं अंधविश्वासों से दूर रहने का संदेश, गुरु साहिबानों की शिक्षाओं के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा तथा सामाजिक जागरूकता का प्रचार-प्रसार देश-विदेश में कर रहे हैं. उनके गुरमत समागमों में बड़ी संख्या में संगत शामिल होती है, विशेषकर युवा वर्ग उनके विचारों से प्रभावित होकर उनसे जुड़ रहा है. सीजीपीसी प्रधान भगवान सिंह ने इस मुलाकात को अत्यंत सफल और उत्साहवर्धक बताते हुए आशा व्यक्त की कि निकट भविष्य में जमशेदपुर की संगत को भी भाई रंजीत सिंह ढडरियांवाले के गुरमत विचारों का लाभ प्राप्त होगा.

You may have missed