जमशेदपुर : कदमा के डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन की छात्रा अदिति कुमारी ने रांची में आयोजित “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया. यह दो दिवसीय कार्यक्रम 12 एवं 13 अप्रैल को रिम्स में आयोजित किया गया, जिसमें झारखंड एवं पश्चिम बंगाल से लगभग 300 चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया. उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 12 लाख प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिसमें प्रथम चरण में क्विज एवं द्वितीय चरण में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई. इन चरणों को सफलतापूर्वक पार कर अदिति कुमारी का चयन अंतिम चरण हेतु रांची में हुआ.
कार्यक्रम के दौरान अदिति कुमारी ने “संसद में 33 प्रति. महिला आरक्षण” विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं राजनीतिक भागीदारी के महत्व को स्पष्ट रूप से रखा. उनके विचारों को उपस्थित विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों ने काफी सराहा. इस अवसर पर प्रतिभागियों का केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राजनीतिक नेताओं, झारखंड के विधायक सीपी सिंह तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ संवाद (इंटरैक्शन) आयोजित किया गया. साथ ही प्रधानमंत्री का वर्चुअल संदेश भी प्रसारित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ. कार्यक्रम की सफलता में सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, सह-सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता, उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल, सभी शिक्षकगण एवं सहायक कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा.