जमशेदपुर : गेल (इंडिया) लिमिटेड ने शहर में टाटा मोटर्स प्लांट को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुरू कर दी है. यह प्लांट प्रोपेन की कमी के कारण बंद होने की स्थिति में था. गेल टीम ने मात्र 24 घंटे लगातार और युद्धस्तर पर काम किया. समझौते पर हस्ताक्षर के केवल 9 दिनों में ही गैस पाइपलाइन बिछाकर आपूर्ति शुरू कर दी गई. इस उपलब्धि के साथ जमशेदपुर का टाटा मोटर्स क्षेत्र का दूसरा बड़ा टाटा प्लांट बन गया है, जो गेल पीएनजी पर चल रहा है. इससे पहले टाटा स्टील का कॉम्बी मिल अक्टूबर, 2025 से गेल प्राकृतिक गैस पर संचालित हो रहा है. कमीशनिंग के दौरान गेल के जीएम/जीए इंचार्ज गौरी शंकर मिश्रा ने सहयोगी प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा, “गेल टीम और टाटा ने युद्धस्तर पर मिलकर यह लक्ष्य हासिल किया. श्री मिश्रा और पूरी गेल टीम के साथ टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि गोलाम मंडल, (जीएम, टाटा मोटर्स), रजत सिंह (टाउन एडमिनिस्ट्रेशन हेड, टाटा मोटर्स) तथा पूरी टाटा मोटर्स टीम मौजूद रही. श्री मिश्रा ने बताया कि घरेलू पीएनजी, जिसका उपयोग घरों में होता है, और व्यावसायिक पीएनजी, जिसका उपयोग होटलों और रेस्टोरेंट में होता है, के अलावा गेल उद्योगों पर भी ध्यान दे रही है. इसके साथ ही ऐसे सभी क्षेत्रों में भी काम किया जा रहा है जहां एलपीजी, प्रोपेन या अन्य हाइड्रोकार्बन की कमी के कारण संकट की स्थिति है और जहां सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीएनजी का उपयोग किया जा सकता है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में पीएनजी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा दिया जा सके. बताया कि गेल आनेवाले कुछ हफ्तों में 5 और उद्योगों को अपने पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से काम कर रही है.