दिन का पारा चढ़ा 40 डिग्री तक, इसी सप्ताह पहुंच सकता है 44 डिग्री तक
जमशेदपुर : ज़िले में इस बार अप्रैल महीने में ही जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास होने लगा है. राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है. मौसम विभाग ने आनेवाले दिनों में हीटवेव (लू) की आशंका जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने और शुष्क हवाओं के प्रभाव के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं, वहीं रात के तापमान में भी खास गिरावट नहीं हो रही है, जिससे राहत नहीं मिल पा रही. विशेषज्ञ बताते हैं कि इसी सप्ताह दिन का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. राजधानी रांची समेत जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो जैसे शहरों में पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है. खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस तरह की गर्मी में लू लगने, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती है. बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे हीटवेव की स्थिति गंभीर हो सकती है. ऐसे में राज्य सरकार और प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है. गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम के पैटर्न में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है, जिससे गर्मी का असर पहले और ज्यादा तीव्र रूप में सामने आ रहा है.
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी :
● दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें.
● पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें.
●हल्के और ढीले कपड़े पहनें.
●धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें.
● किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें.