Jamshedpur Loyola School Telco Me Ambedkar Jayanti : समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा जैसे मूल्यों पर दिया बल
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल टेल्को में संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें प्राचार्य, उप-प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. इस अवसर पर समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा जैसे मूल्यों पर विशेष बल दिया गया. स्कूल के नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने एक नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें डॉ. अम्बेडकर के जातिगत भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष और शिक्षा के माध्यम से उत्कृष्टता प्राप्त करने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाया गया. साथ ही उनके कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उपलब्धियों तथा भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया.
कार्यक्रम का समापन डॉ. अम्बेडकर के प्रेरणादायक संदेश “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” के साथ हुआ, जिसने छात्रों को स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित किया. मौके पर कई शिक्षक शिक्षिका मौजूद थीं.
