Jamshedpur MLA Saryu And DRM Meeting : ट्रेनों की लेटलतीफी के आंकड़ों का होगा विश्लेषण
धरने के संबंध में डीआरएम से मिले सरयू, सोमवार को मिलेगी रिपोर्ट
जमशेदपुर : टाटानगर जंक्शन से आने-जानेवाली यात्री रेलगाडिय़ों की लेटलतीफी के विरोध में आगामी 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित नागरिक धरना के मसले पर रविवार को विधायक सरयू राय और चक्रधरपुर डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के बीच वार्ता हुई. इस दौरान सीनियर डीसीएम, एरिया मैनेजर, डिवीजनल इंजीनियर, आरपीएफ प्रभारी आदि भी मौजूद रहे. वार्ता में रेलवे अधिकारियों ने स्वीकार किया कि लंबे समय से यात्री गाडिय़ां काफी विलंब से टाटानगर पहुंच रही हैं. उन्होंने विस्तार से इसका कारण बताया और कहा कि इसे दूर करने के लिए योजना पर काम हो रहा है. इसे पूरा होने में कुछ महीनों का समय लगेगा. सरयू ने रेल अधिकारियों से स्पष्ट रुप से कहा कि 7 अप्रैल को हो रहे नागरिक धरना और की वार्त का मुद्दा यह नहीं कि रेल विभाग आने वाले दिनों में कितनी योजनाएं लागू कर रहा है और इन्हें पूरा होने में कितना समय लगेगा. सवाल यह है कि टाटानगर पहुंचनेवाली ट्रेनों की लेटलतीफी दो-चार दिनों में कैसे समाप्त होगी? इसके लिए आप लोगों के पास क्या योजना है?
श्री राय ने रेल अधिकारियों से पूछा कि विगत 3-4 महीनों में कौन-कौन सी महत्वपूर्ण ट्रेनें कितने विलंब से टाटानगर जंक्शन पहुंची और इस विलंब का कारण क्या है? इन आंकड़ों का विश्लेषण कर इस बारे में जानकारी दें तथा यह बताएं कि उन कारणों को कैसे दूर किया जा सकता है? इस पर डीआरएम ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि कल, सोमवार तक यह जानकारी श्री राय को उपलब्ध करा दी जाए. उन्होंने कहा कि फिलहाल आगामी 7 अप्रैल को रेलवे स्टेशन पर घोषित धरना का कार्यक्रम जारी रहेगा. उम्मीद है कि इसके मद्देनजर रेलवे अधिकारी कल उन्हें सौंपे जानेवाले प्रतिवेदन में यह स्पष्ट कर देंगे कि यात्री गाडिय़ों के परिचालन में लेटलतीफी दो-चार दिनों में दूर हो जाएगी.
आम लोगों से धरना में शामिल होने की सरयू की अपील
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने यात्री ट्रेनों के परिचालन में लेटलतीफी के विरुद्ध आगामी 7 अप्रैल को आहूत नागरिक धरना में सभी जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र-युवा-महिला संगठनों, व्यावसायिक संगठनों, सभी मजदूर संगठनों एवं जन संगठनों से अपील की है कि वे टाटानगर जंक्शन पर इस नागरिक धरना में शामिल होकर इसे सफल बनाएं. उक्त धरना अपराह्न 10 बजे से प्रारंभ होगा. जारी विज्ञप्ति में श्री राय ने कहा कि यात्रियों की परेशानी से रेल मंत्री को अवगत कराने तथा इस समस्या का शीघ्र समाधान करने के उद्देश्य से नागरिक धरना का आयोजन किया जा रहा है.

