Jamshedpur Pankh Sanstha Ka Sangeet Samaroh : सोनारी : शुभोदीप की गायिकी ने बांधा समां
बांग्ला नववर्ष पर ‘पंख’ का संगीत समारोह
जमशेदपुर : सोनारी स्थित भारत सेवाश्रम संघ के सभागार में ‘पंख संस्था’ द्वारा बांग्ला नववर्ष के अवसर पर भव्य संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों की काफी संख्या में उपस्थिति रही. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राँची निवासी 19 वर्षीय युवा कलाकार शुभोदीप तरफदार की सुरम्य प्रस्तुति रही. दृष्टिबाधिता जैसी कठिन चुनौती के बावजूद उन्होंने अपनी साधना को निरंतर जारी रखते हुए श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. वे कोलकाता के प्रसिद्ध गुरु पं. अजय चक्रवर्ती के शिष्य हैं और अपने गायन से गुरु के नाम को भी गौरवान्वित कर रहे हैं. मंच पर शुभोदीप के अलावा अयन मुखर्जी और शिवान दास ने भी अपनी मधुर आवाज से दर्शकों का दिल जीत लिया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एन.ए.बी. झारखंड के जनरल सेक्रेटरी अतुल रंजन सहाय उपस्थित थे. वहीं कार्यक्रम का संचालन केका सरकार ने किया. आयोजन को मूर्त रूप देने में मृण्मय घोष, अयन मुखर्जी, नवीन शुक्ला, देव कुमार, संजय बाक्ची और किंशुक मुखर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सोनारी में आयोजित इस कार्यक्रम ने शहरवासियों को सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित किया.
