Jamshedpur Railway station Area me Atikraman Hatao Abhiyan : कार्रवाई टली, दुकानदार को मिली 15 दिन की मोहलत
टाटानगर स्टेशन गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान
जमशेदपुर: टाटानगर क्षेत्र स्थित गुदरी बाजार में बुधवार को रेलवे द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक स्थिति बदल गई, जब एक दुकान को तोड़ने की कार्रवाई अंतिम समय में रोक दी गई. रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राज और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी. यह कार्रवाई गुदरी बाजार स्थित “श्री लक्ष्मी भंडार” नामक दुकान पर प्रस्तावित थी, जिसका संचालन स्थानीय व्यवसायी मुरारी लाल अग्रवाल (मुरारी सेठ) करते हैं. जैसे ही अधिकारियों ने दुकान ध्वस्त करने की तैयारी शुरू की, दुकानदार ने इसका कड़ा विरोध जताते हुए प्रशासन के सामने अपनी बात रखी.
दुकानदार ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर झारखंड हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल की है, जिसे अदालत ने स्वीकार भी कर लिया है. उन्होंने प्रशासन से 15 दिनों का समय मांगा ताकि वे कोर्ट से स्टे ऑर्डर प्रस्तुत कर सकें. उन्होंने यह भी कहा कि तय समय में स्टे नहीं मिलने पर प्रशासन कार्रवाई कर सकता है.
घटना के बाद गुदरी बाजार क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. स्थानीय दुकानदारों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य अतिक्रमणकारियों को भी इसी तरह राहत मिलेगी या प्रशासन सख्ती से अभियान जारी रखेगा. सूत्रों के अनुसार, रेलवे का अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी जारी रहेगा और रेलवे भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने भी साफ किया है कि सभी निर्णय कानून के दायरे में रहकर ही लिए जाएंगे.
