Jamshedpur Heat Wave Se Pareshaan Shaharwasi : आसमान से बरस रही आग! सातवें आसमान पर गर्मी का कहर
Jharkhand Temperature Alert
राज्य के कई जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी, पारा 44 डिग्री के पार जाने की आशंका
जमशेदपुर : झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. जमशेदपुर समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आनेवाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा तथा कई जिलों में हीटवेव (लू) की स्थिति बनी रहेगी. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42–43 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है, जबकि अगले 2–3 दिनों में इसके 44–46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं.
दूसरी ओर डाल्टनगंज, बोकारो, धनबाद और रांची जैसे जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. कई जगहों पर लू चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4–5 दिनों तक तापमान में 2–3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है. कई जिलों में हीटवेव का प्रभाव जारी रहेगा. झारखंड में गर्मी का कहर फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसे में प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों को भी सतर्क रहना होगा, तभी इस भीषण गर्मी से बचाव संभव है.
बढ़ सकते हैं लू और डिहाइड्रेशन के मामले
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार बढ़ती गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं. अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
हीटवेव अलर्ट : क्या करें, क्या न करें
● सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें.
● अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ लें.
●हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें.
● बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें.
● बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें.
