April 3, 2026

Jamshedpur STEEL Express 56 Year Complete : स्टील एक्सप्रेस के 56 साल पूरे, ट्रेन में केक काट मना जश्न

IMG-20260402-WA0006

● यात्रियों को कराया गया नाश्ता, सुविधाओं को और बेहतर करने का आश्वासन

जमशेदपुर : यात्रियों की सुविधा और भरोसे का प्रतीक मानी जानेवाली ‘स्टील एक्सप्रेस’ ने अपने संचालन के 56 वर्ष पूरे कर लिए हैं. इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए ट्रेन के अंदर ही भव्य तरीके से जश्न मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान केक काटकर स्टील एक्सप्रेस की लंबी यात्रा और उसकी उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया. इस आयोजन में बड़ी संख्या में दैनिक यात्रियों ने उत्साहपूर्वक शामिल हुए.
मौके पर जमशेदपुर बुल्स क्रिकेट अकेडमी एवं डेली पैसेंजर ट्रेन एसोसिएशन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से पहल करते हुए ट्रेन के यात्रियों के बीच नाश्ते का वितरण किया. यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे एक अनोखा और सराहनीय कदम बताया. ट्रेन के अंदर का माहौल पूरी तरह से उत्सवमय नजर आया, जहां लोग एक-दूसरे को बधाई देते हुए स्टील एक्सप्रेस के प्रति अपने जुड़ाव को व्यक्त कर रहे थे.
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना. कई यात्रियों ने समय पालन, साफ-सफाई, सीटों की उपलब्धता और सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाया. इन सभी समस्याओं को नोट किया गया और भरोसा दिलाया गया कि इन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा. जमशेदपुर बुल्स क्रिकेट अकेडमी और डेली पैसेंजर ट्रेन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्टील एक्सप्रेस न सिर्फ एक ट्रेन है, बल्कि हजारों दैनिक यात्रियों के जीवन का अहम हिस्सा है. इस ट्रेन के माध्यम से लोग रोजाना अपने काम, शिक्षा और व्यवसाय के लिए सफर करते हैं, इसलिए इसकी नियमितता और सुचारू संचालन बेहद जरूरी है.
प्रतिनिधियों ने यह भी आश्वासन दिया कि वे जल्द ही डीआरएम (डिविजनल रेलवे मैनेजर) से मिलकर यात्रियों की समस्याओं को रखेंगे और समाधान के लिए ठोस प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि स्टील एक्सप्रेस को समय पर और बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. बाद में आयोजकों ने सभी यात्रियों और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि स्टील एक्सप्रेस की टीम और इससे जुड़े सभी लोग यात्रियों के सहयोग और विश्वास के लिए सदैव आभारी रहेंगे.

hemkund-public-school

You may have missed