Jharkhand University VC Appointment : झारखंड के तीन विश्वविद्यालयों को मिले नए कुलपति, डॉ. एला कुमार संभालेंगी जमशेदपुर महिला विवि की कमान
Jharkhand University VC Appointment (File Photo)
Ranchi/Jamshedpur/Jharkhand : झारखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में राजभवन ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्यपाल सह कुलाधिपति के निर्देशानुसार राज्य के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों (VC) की नियुक्ति कर दी गई है। मंगलवार को राजभवन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के बाद अब इन संस्थानों में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
रांची के दो विश्वविद्यालयों में भी नई नियुक्तियां
राजभवन द्वारा जारी सूची में रांची के दो महत्वपूर्ण विश्वविद्यालयों के नाम भी शामिल हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची: यहाँ प्रोफेसर राजीव मनोहर को नया कुलपति बनाया गया है। प्रो. मनोहर वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय (JSOU), रांची : ओपन यूनिवर्सिटी की कमान प्रोफेसर अभय कुमार सिंह को सौंपी गई है। प्रो. सिंह फिलहाल नालंदा विश्वविद्यालय (राजगीर, बिहार) में प्रोफेसर एवं डीन के महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं।
कार्यकाल और नियुक्ति की शर्तें
अधिसूचना के अनुसार, इन सभी नवनियुक्त कुलपतियों का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष की अवधि तक का होगा। हालांकि, यह कुलाधिपति की इच्छा (Pleasure of the Chancellor) पर भी निर्भर करेगा।
शासन ने पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी है। इन सभी नियुक्तियों के औपचारिक रूप से प्रभावी होने के लिए संबंधित उम्मीदवारों के मूल संस्थानों से सतर्कता (Vigilance) क्लीयरेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
