जोनहा फॉल्स पहुंचे हेमंत, वायरल रील ने जीता दिल
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को सरकारी व्यस्तताओं से समय निकालकर राजधानी रांची से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध जोनहा फॉल्स का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। मानसून की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच मुख्यमंत्री ने स्वयं वाहन चलाते हुए यात्रा की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
मुख्यमंत्री द्वारा साझा की गई रील में लोकप्रिय नागपुरी गीत “हमार सोना झारखंड, हमार हीरा झारखंड” की धुन सुनाई देती है। वीडियो में हेमंत सोरेन घाटियों और जंगलों की ओर इशारा करते हुए कहते हैं, “कैसा लग रहा है? ये जंगल, ये वादियां… यही है हमारा झारखंड।” उन्होंने रील के साथ लिखा कि झारखंड में “जंगल जीवन हैं और झरने संगीत हैं।” देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर हजारों लोगों द्वारा साझा किया जाने लगा।
मुख्यमंत्री का यह दौरा केवल एक निजी यात्रा नहीं, बल्कि झारखंड के इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने का संदेश भी माना जा रहा है। हेमंत सोरेन पहले भी राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों का दौरा कर सोशल मीडिया के जरिए उनकी खूबसूरती को देश-दुनिया तक पहुंचाते रहे हैं। मानसून के मौसम में जोनहा फॉल्स की मनमोहक छटा एक बार फिर पर्यटकों को झारखंड की ओर आकर्षित करती नजर आ रही है।
