June 20, 2026

मंदिर में 2 मिनट का खेल, CCTV में कैद चोर

Screenshot_20260616_102524_Gallery

जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित श्रीश्री सितेश्वर महादेव मंदिर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। चोर ने मंदिर परिसर से सटे मां विंध्यवासिनी मंदिर के पास से शिवलिंग पर स्थापित तांबे का नाग और पितल का नल चुरा लिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात महज दो मिनट में अंजाम दी गई और आसपास लोगों की आवाजाही भी जारी थी।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब पांच बजे की है। एक युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुआ, पहले उसने आसपास का जायजा लिया और फिर बेहद तेजी से तांबे का नाग तथा पितल का नल खोलकर फरार हो गया। उसकी हर गतिविधि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिससे पुलिस और मंदिर प्रबंधन को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

चोरी का खुलासा अगले दिन सुबह तब हुआ, जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। शिवलिंग पर तांबे का नाग और परिसर का नल गायब देखकर मंदिर प्रबंधन के होश उड़ गए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें आरोपी युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अब फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

इस घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और मंदिर परिसरों में निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग उठाई है। मंदिर प्रबंधन भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने एक बार फिर शहर में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।