June 26, 2026

ऑपरेशन सिंदूर के 6 वीरों के नाम पहली बार सार्वजनिक

Operation-Sindoor-1782460175520_m

केंद्र सरकार ने पहली बार आधिकारिक रूप से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के छह वीर जवानों के नाम सार्वजनिक किए हैं। इन जांबाजों के नाम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और उसकी आधिकारिक वेबसाइट के ‘रोल ऑफ ऑनर’ में शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही सरकार ने पहली बार इस सैन्य अभियान में हुए बलिदानों को सार्वजनिक रूप से मान्यता दी है।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट के अनुसार, वर्ष 2025 के खंड में मुख्यालय 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड के सूबेदार मेजर पवन कुमार, 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री के राइफलमैन सुनील कुमार (वीर चक्र), 5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार, 851 लाइट रेजिमेंट के एविएशन टेक्निशियन मूड मुरलीनायक, 237 फील्ड वर्कशॉप कंपनी के हवलदार सुनील कुमार सिंह और 39 विंग के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना पदक) के नाम अंकित किए गए हैं। इन वीरों ने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक सैन्य कार्रवाई की थी। इस अभियान के बाद भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (DGMO) के बीच बातचीत हुई और 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर इन छह नामों के शामिल होने के साथ ऑपरेशन सिंदूर भी अब उन ऐतिहासिक सैन्य अभियानों की सूची में दर्ज हो गया है, जिन्हें देश हमेशा याद रखेगा। यह सम्मान न केवल इन वीर सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा भी देता रहेगा।