प्रत्याशियों सहित क्षेत्र के सभी लोगों का शस्त्र जमा करने का निर्देश
निकाय चुनाव के लिये गठित कोषांगों के कार्यों व तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा
जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में गठित सभी कोषांग पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए. इस अवसर पर मानगो नगर निगम के व्यय प्रेक्षक स्वामीनाथन, सामान्य प्रेक्षक जितेन्द्र कुमार देव, जुगसलाई नगर परिषद निर्वाचन क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक राजेश कुमार साह, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद जी सहित सभी कोषांगों के वरीय एवं प्रभारी पदाधिकारी मौजूद थे. उम्मीदवारों सहित क्षेत्र के सभी लोगों का शस्त्र जमा करने की कार्रवाई करने, उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार की अनुमति सुविधा के लिए सिंगल विंडों सुविधा प्रारंभ करने, उडऩदास्ता टीम को सक्रिय कर निगरानी बढ़ाने तथा कार्रवाई करने, मतदान केन्द्रों में मुलभुत सुविधा का सर्वे कर व्यवस्था ठीक करने, मतदान के दिन पोलिंग पार्टी के सुविधा के लिए निर्वाध बिजली तथा माता समिति के माध्यम से भोजन की व्यवस्था कराने एवं मतदान से 12 दिन पूर्व मतदाता पर्ची घर घर वितरण कराने का निर्देश दिया गया.
बैठक में निर्वाचन कोषांग को आयोग के दिशानिर्देश एवं प्रेक्षकों की निगरानी में मतदान व मतगणना प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया. कार्मिक को चुनाव ड्यूटी हेतु कर्मियों की पोर्टल पर इंट्री करने तथा निर्धारित तिथि को चुनाव कार्य में लगाने से पूर्व रेंडमाईजेशन करने का निर्देश दिया. चुनाव कार्य से मुक्त करने हेतु समर्पित आवेदन के निष्पादन हेतु मेडिकल बोर्ड का गठन करें. व्यय प्रेक्षक कोषांग को निर्धारित तिथि की सूचना उम्मीदवारों को देते हुए निर्वाचन व्यय का लेखा संधारण कराने का निर्देश दिया. सामग्री कोषांग को जरूरी सामग्री का आकलन करते हुए स्थानीय स्तर पर अन्य सामग्रीयों की आपूर्ति स्थानीय स्तर से सुनिश्चित करने तथा पोलिंग पार्टी, रवानगी तथा मतपेटिका प्राप्ति स्थल, मतगणना कक्ष का भौतिक सत्यापन करने को कहा. परिवहन कोषांग को आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में छोटी बड़ी गाडिय़ों का वीएमएस पोर्टल पर वाहन प्रबंधन करने का निर्देश दिया.
जुगसलाई से 5 व चाकुलिया से 3 वार्ड पार्षद निर्विरोध
जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत में होनेवाले निकाय चुनाव के क्रम में शनिवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित की गई. इसमें जुगसलाई व चाकुलिया निकाय में कई प्रत्याशी निर्विरोध जीत दर्ज की, जबकि मानगो में एक वार्ड में योग्य प्रत्याशी न होने के कारण वार्ड सदस्य का सीट खाली रह गया.
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 22 में योग्य उम्मीदवार नहीं होने के कारण वार्ड सदस्य का पद रिक्त रह गया है. वहीं जुगसलाई नगर परिषद से पांच प्रत्याशी निर्विरोध वार्ड पार्षद चुन लिये गये. इसमें वार्ड सं. 5 से मो. अब्बास अंसारी, वार्ड सं. 6 से फिरदौश परवीन, वार्ड सं. 9 से सालेहा अमीरा, वार्ड सं. 10 से आमरीन परवीन तथा वार्ड सं. 11 से राशिद इकबाल अंसारी के नाम शामिल है. इसी क्रम में चाकुलिया नगर पंचायत में भी तीन प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये. इनमें वार्ड सं. 3 से सोनिया दास, वार्ड सं. 8 से मो. नजीमुद्दीन एवं वार्ड सं. 12 से कारमी सोरेन के नाम शामिल है.

