May 14, 2026

रांची में मासूम अदिति का अब तक नहीं मिला सुराग, नाली से नदी तक पुलिस की बड़ी सर्चिंग

1778741491953

सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची के कोकर खोरहा टोली से लापता हुई 18 महीने की बच्ची अदिति की तलाश लगातार तेज़ होती जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे घटनाक्रम का री-क्रिएशन किया और हर छोटे-बड़े पहलू की दोबारा जांच शुरू कर दी है। बच्ची के घर से लेकर आसपास की गलियों, नालियों और स्वर्णरेखा नदी तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।

पुलिस अधिकारियों ने घटना के समय घर में मौजूद लोगों और बच्चों से पूछताछ की है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि अदिति को आखिरी बार किसने देखा था और वह अचानक कैसे गायब हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बच्ची जिस गेंद से खेल रही थी, वह भी अभी तक नहीं मिली है, जिससे पुलिस की शंका और बढ़ गई है।

मामले की जांच में तकनीकी टीम, डॉग स्क्वॉड और एनडीआरएफ की मदद ली जा रही है। शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाहर जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास काम करने वाले मजदूरों और संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, इलाके के 17 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन अब तक कोई ऐसा दृश्य सामने नहीं आया जिसमें बच्ची किसी के साथ जाती दिख रही हो।

इधर, नाले से मिले अवशेष और मांस के नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में इन्हें जानवरों के अवशेष बताया गया है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही। पूरे रांची में इस घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है, जबकि परिवार लगातार बच्ची की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।