Jamshedpur West MLA Saryu Roy : ‘बिटिया के इलाज में नहीं आएगी धन की किल्लत’, विधायक सरयू राय ने थामी ‘मेंहदी’ की जिम्मेदारी
Jamshedpur West MLA Saryu Roy
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय एक बार फिर अपने मानवीय दृष्टिकोण को लेकर चर्चा में हैं। खौलती चाय फेंके जाने से बुरी तरह झुलसी मासूम बच्ची ‘मेहंदी’ के मामले में उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिटिया के इलाज में पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। शनिवार को श्री राय ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि मेहंदी का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में तब तक जारी रहेगा, जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाती।
टाटा स्टील प्रबंधन के साथ बनी सहमति: नहीं रुकेगा इलाज
विधायक सरयू राय ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से जानकारी साझा की कि उन्होंने इस मामले में टाटा स्टील प्रबंधन से विशेष आग्रह किया है। उन्होंने लिखा है कि मनबढ़ शोहदों द्वारा चेहरे पर खौलती चाय फेंक देने से बुरी तरह झुलसी बच्ची मेहंदी के इलाज में कोई कोताही नहीं होगी। टाटा स्टील प्रबंधन ने मेरा आग्रह स्वीकार कर लिया है कि बिल बकाया रहने की स्थिति में भी इलाज निरंतर चलता रहेगा। मैंने उन्हें आश्वस्त किया है कि इलाज पर होने वाले बकाया खर्च की व्यवस्था मैं स्वयं अपने स्तर से करूँगा। इस भावुक और सकारात्मक पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर आम जनता की बेहद उत्साहजनक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं, जहाँ लोग विधायक की इस संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं।
घटना के अगले ही दिन अस्पताल भेजी थी अपनी टीम
गौरतलब है कि यह दर्दनाक घटना जिस दिन घटित हुई, उसके अगले ही दिन श्री राय ने सक्रियता दिखाई थी। उन्होंने अपने जनसुविधा प्रतिनिधि नीरज सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को तत्काल TMH जाने का निर्देश दिया था। उन्होंने अपनी टीम को स्पष्ट ताकीद की थी कि वे अस्पताल प्रबंधन से मिलकर इलाज की बारीकियों को समझें और यह सुनिश्चित करें कि बच्ची को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा मिले।
राजनीति से परे ‘मानवता’ की मिसाल
यह पहला अवसर नहीं है जब सरयू राय का ऐसा संवेदनशील पक्ष उजागर हुआ हो। अपने दशकों लंबे सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में उन्होंने कई बार यह सिद्ध किया है कि उनके लिए धर्म, जाति, दल या विचारधारा से ऊपर ‘इंसानियत’ है। पीड़ित मेहंदी की मदद के लिए आगे आना उनके इसी स्वभाव का हिस्सा माना जा रहा है। फिलहाल, मेहंदी का इलाज विशेषज्ञों की देखरेख में चल रहा है और विधायक की इस पहल ने पीड़ित परिवार को एक बड़ा संबल प्रदान किया है। क्षेत्र के लोग इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई के लिए विधायक का आभार व्यक्त कर रहे हैं।

