स्वामी सहजानंद की जयंती पर होंगे कई कार्यक्रम
कदमा में आयोजन 22 मार्च को, झूमाएंगे बिहार-झारखंड के कलाकार
जमशेदपुर : स्वामी सहजानंद सरस्वती कल्याण संस्थान की बैठक कदमा स्थित भवन परिसर में अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें आगामी 22 मार्च को संस्थान परिसर में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती सह पारिवारिक मिलन समारोह मनाने पर विचार किया गया. बैठक में समारोह को भव्य बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि उक्त समारोह में झारखंड-बिहार के भूमिहार ब्राह्मण समाज के कई गण्यमान्यों को आमंत्रण भेजा जा रहा है.
उक्त कार्यक्रम प्रात: 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चार सत्रों में संपन्न होगा. इसका शुभारंभ प्रथम सत्र में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जीवनी, गुण एवं कार्यकलाप पर चर्चा के साथ होगी. इस मौके पर ‘बढ़ती उम्र में शादी : कारण एवं निदान पर चर्चा होगी. द्वितीय सत्र में सामाजिक समरसता पर कार्यशाला तथा समाज प्रमुखों के साथ चर्चा होगी. तृतीय सत्र में प्रतिमा सम्मान कार्यक्रम होगा, जिसमें शिक्षा, खेलकूद, स्वास्थ्य, रोजगार आदि क्षेत्रों के प्रतिभावानों को सम्मानित किया जाएगा. अंतिम व चतुर्थ सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसमें झारखंड व बिहार के समाज के कलाकारों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा. बैठक में अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष राजेश सिंह, महासचिव जय कुमार, सचिव अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष रवि भूषण सिंह, सह कोषाध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

