“अगर अब नहीं, तो कब?”… शिक्षा मंत्री के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे सोनम वांगचुक
देश में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ते गुस्से के बीच अब मशहूर शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को समर्थन देते हुए वांगचुक ने ऐलान किया है कि अगर 5 जून तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तो वह 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। इसके संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का ऐलान किया है। अब सोनम वांगचुक के समर्थन से इस आंदोलन को नई ताकत मिलती दिख रही है।
वांगचुक ने NEET, CUET और CBSE से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ पेपर लीक ही मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी “स्वाभिमानी लोकतंत्र” में ऐसी घटनाओं के बाद जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
हालांकि उन्होंने सरकार की नई शिक्षा नीति और कुछ योजनाओं की तारीफ भी की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि नीयत अच्छी होने से काम नहीं चलता, सिस्टम में ईमानदार बदलाव भी जरूरी है।
दिल्ली में होने वाला यह प्रदर्शन अब सिर्फ एक सोशल मीडिया कैंपेन नहीं, बल्कि युवाओं की नाराजगी और शिक्षा व्यवस्था पर बढ़ते अविश्वास का बड़ा प्रतीक बनता जा रहा है।
