June 5, 2026

भाई को बचाया, खुद जिंदगी हार गया

Screenshot_20260604_181855_Chrome

बोकारो: चंद्रपुरा के झरनडीह तालाब में घटी एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। परिवार के साथ खुशियां मनाने गया एक युवक अपने चचेरे भाई की जान बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा, लेकिन इस बहादुरी की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

मृतक की पहचान दीपक यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तालाब में नहाने के दौरान उसका चचेरा भाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखते ही दीपक बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा।

दीपक ने साहस दिखाते हुए अपने भाई को सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद गहरे पानी और थकान की चपेट में आ गया। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की।

काफी मशक्कत के बाद दीपक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिस युवक ने अपने भाई की जिंदगी बचाने के लिए मौत से मुकाबला किया, वही खुद जिंदगी की जंग हार गया। इस घटना के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इलाके के लोग दीपक की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं।

दीपक यादव अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन अपने साहस और बलिदान की वजह से वह लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।