बिहार के सारण जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। Gautam Adani और Priti Adani ने मस्तीचक में ‘अदाणी अखंड ज्योति आई केयर हॉस्पिटल’ का उद्घाटन किया। यह पहल ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सस्ती एवं आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
अस्पताल को बिहार में नेत्र चिकित्सा के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, रेटिना और बच्चों से जुड़ी आंखों की बीमारियों का इलाज आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में ‘अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज़’ और नेत्र विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित होंगे, जहां युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल नेटवर्क पिछले कई वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों मरीजों का इलाज कर चुका है और हर साल बड़ी संख्या में आंखों के ऑपरेशन करता है। इस नई परियोजना के जरिए उत्तर और मध्य भारत के दूरदराज इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।