June 27, 2026

CCTV ने खोला मोबाइल चोर का राज, स्टेशन पर दबोचा गया

Screenshot_20260626_142356_Chrome

टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा कर दिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी 35 वर्षीय विक्की गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने मंगलवार देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल फोन चुरा लिया था। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने तत्काल जांच शुरू की और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के दौरान संदिग्ध को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

पूरी कार्रवाई टाटानगर आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन और जीआरपी थाना प्रभारी संतोष कुमार के निर्देशन में, आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें।