Congress’s entry into power in Tamil Nadu after 59 years:तमिलनाडु की सत्ता में 59 साल बाद कांग्रेस की एंट्री, मुख्यमंत्री विजय की कैबिनेट में शामिल होंगे दो विधायक
सर्च न्यूज: सच के साथ: तमिलनाडु की सत्ता-सियासत में एक ऐतिहासिक राजनीतिक मोड़ आ चुका है, जहां पूरे 59 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस पार्टी राज्य की सरकार में सीधे तौर पर शामिल होने जा रही है। अभिनेता से नेता बने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की नई कैबिनेट में कांग्रेस के दो विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस घटनाक्रम की पुष्टि कांग्रेस आलाकमान ने भी कर दी है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विधायक एडवोकेट राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन को तमिलनाडु कैबिनेट में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। उन्होंने इस फैसले को पार्टी के लिए एक बेहद ऐतिहासिक और भावुक क्षण बताया है। राज्यपाल भवन में आयोजित होने वाले समारोह में दोनों नेता मंत्री पद की गोपनीयता की शपथ लेंगे।द्रविड़ राजनीति के वर्चस्व वाले राज्य तमिलनाडु में पिछले छह दशकों से सत्ता का पलड़ा केवल द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के इर्द-गिर्द घूमता रहा है। साल 1967 में कांग्रेस की आखिरी सरकार के बाद से किसी भी द्रविड़ दल ने गठबंधन में होने के बावजूद कांग्रेस को सत्ता में सीधे तौर पर भागीदारी नहीं दी थी। हाल ही में संपन्न हुए 2026 विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने द्रमुक से अपनी राहें अलग कर मुख्यमंत्री विजय की नवगठित सरकार को समर्थन देने का फैसला किया
विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी टीवीके (TVK) को बहुमत के जादुई आंकड़े (118) तक पहुंचने में कांग्रेस के विधायकों का समर्थन बेहद निर्णायक साबित हुआ। चुनाव नतीजों के तुरंत बाद राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व की पहल पर टीवीके को बिना शर्त समर्थन पत्र सौंपा गया था। इस सत्ता साझेदारी के बाद राज्य में गठबंधन सरकार का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है, जिससे जमीनी स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।