Ranchi University New VC : रांची विश्वविद्यालय की नई कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने संभाला पदभार, भगवान बिरसा मुंडा व बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि
Ranchi New VC Took Charge
Ranchi : झारखंड की उच्च शिक्षा के प्रमुख केंद्र, रांची विश्वविद्यालय को नई ऊर्जा और नेतृत्व मिल गया है। नवनियुक्त कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी नई पारी की शुरुआत झारखंड के गौरव भगवान बिरसा मुंडा और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर की।
विश्वविद्यालय परिसर में हुआ भव्य स्वागत
परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग में विश्वविद्यालय की डिप्टी डायरेक्टर (वोकेशनल) डॉ. स्मृति सिंह और अन्य वरिष्ठ शिक्षकों ने कुलपति का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विशेष उपहार के रूप में उन्हें ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की एक लघु प्रतिमा भी भेंट की गई।
बाबा साहेब की देन है सशक्त लोकतंत्र : डॉ. सरोज शर्मा
कार्यभार ग्रहण करने के बाद कुलपति डॉ. सरोज शर्मा लॉ डिपार्टमेंट (आईएलएस) भी पहुंचीं। संयोगवश मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी थी, जिसके उपलक्ष्य में उन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित शिक्षकों और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का समतामूलक समाज, सशक्त संविधान और सफल लोकतंत्र बाबा साहेब की ही अमूल्य देन है। उनके विचारों के कारण ही आज हमारा देश लोकतांत्रिक मूल्यों पर गर्व करता है।
आईएलएस में और गरिमा के साथ मनेगी जयंती
कुलपति ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि चूंकि आईएलएस विभाग का संबंध सीधे तौर पर कानून और संविधान से है, इसलिए आगामी वर्षों में 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती को और अधिक भव्यता, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का वादा किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने नई कुलपति का स्वागत करते हुए उनके कार्यकाल की सफलता की कामना की।
