April 14, 2026

Jamshedpur Chandil Accident, Death : स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो की टक्कर में साकची के युवक की मौत

IMG-20260414-WA0009

चांडिल के पास भीषण सड़क हादसा, कई घायल

जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची नेशनल हाईवे-33 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. चौका और चांडिल के बीच मुखिया होटल के पास स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर (JH-05CL 3072) में चार लोग सवार होकर जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चांडिल के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बोलेरो (JH-05DT 4527) से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
स्विफ्ट डिजायर में आशीष पाण्डेय, दिशा बनर्जी, मनदीप सिंह और नवजोत सिंह सवार थे. बताया जा रहा है कि साकची गुरुद्वारा बस्ती निवासी नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. सभी लोग दिशा बनर्जी को रांची छोड़ने जा रहे थे. वहीं बोलेरो में अमरातून बीवी, एम.डी. इसराइल सहित चार लोग सवार थे, जो सरायकेला के चौड़ा तिरुलडीह (कुकड़ू प्रखंड) के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे में अमरातून बीवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है. अन्य घायलों में से एक को एमजीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

hemkund-public-school

You may have missed