सर्च न्यूज: सच के साथ: पूर्वी सिंहभूम जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं और आधारभूत संरचना कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस बैठक में अधिकारियों को सभी लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, सार्वजनिक कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान प्रगति को भी परखा गया।बैठक के दौरान ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के शत-प्रतिशत लाभुकों का एक सप्ताह के भीतर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया। इसके अलावा, अस्पतालों और विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, स्ट्रीट लाइट लगाने, पुल-पुलिया व गोदाम निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही गई।
प्रशासन ने सभी सरकारी विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाने और तय समय सीमा के भीतर योजनाओं को लागू करने के लिए कहा है। इसके साथ ही, जनता की शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता बरतने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।